औरैया जिले में फफूंद थाना क्षेत्र के गांव नियामतपुर बैहारी से चार दिन पहले घर से गायब हुआ युवक जख्मी हालत में बकेवर कोतवाली के हाईवे पर पड़ा मिला था। इलाज के दौरान उसकी सैंफई में मौत हो गयी। पोस्टमार्टम के बाद शव के गांव पहुंचने पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियो के खिलाफ मुकदमा और गिरफ्तारी की मांग करते हुए जाम लगा दिया। मौके पर भारी पुलिस जा पहुंची लेकिन परिजन कार्रवाई के बाद ही जाम खोलने पर अड़े हुए थे।
फफूंद थाना के गांव नियामतपुर निवासी 30 वर्षीय किसान सुजान वीर पुत्र तिलक सिंह बीते रविवार सुबह गांव के ही युवक के साथ दावत में जाने की कहकर गया था। देर शाम तक वापस न आने पर पत्नी ने उसे फोन किया जो एक एम्बुलेंस चालक ने उठाया और बताया कि सुजानवीर उसे बकेवर कोतवाली के गांव टिलिटीला के पास सड़क पर घायल पड़ा मिला है, नाजुक हालत में उसे सैंफई ले जा रहा है।
जानकारी पर युवक के परिजन सैंफई पहुंच गए और इलाज के लिए भर्ती कराया। परिजनों ने बकेवर कोतवाली में गांव के ही तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया। मंगलवार को इलाज के दौरान युवक की मौत हो गयी। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार सुबह शव के गांव पहुंचते ही आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को फफूंद दिबियापुर रोड पर रखकर जाम लगा दिया।
मौके पर भारी पुलिस फोर्स जा पहुंचा। सीओ सदर सुरेंद्र नाथ ने आक्रोशित परिजनों को समझाया लेकिन ग्रामीण मुकदमा दर्ज होने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पूरी होने के बाद ही जाम खोलने पर अड़े थे।