जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र में शराब के नशे में युुवक कुएं में गिर गया। कुएं में पानी न होने से युवक घायल हो गया। युवक की चीख-पुकार सुन ग्रामीणों ने किसी तरह युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
सूचना पाकर बदहवाश परिजन मौके पर पहुंचे और कोहराम मच गया। वहीं परिजनों ने इसकी जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि युवक शराब का लती था और घर में आए दिन लड़ता झगड़ता रहता था। आटा थाना क्षेत्र के जोराखेरा निवासी बाबूलाल का 35 वर्षीय पुत्र जयप्रकाश घर के लगभग 100 मीटर की दूरी पर बने कुएं में गिर पड़ा। कुएं में पानी न होने से युवक गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया।
युवक के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण भी मौके पर आए। ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला लेकिन युवक ने तब तक दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में मातम छाया हुुआ है। युवक घर रहकर खेती किसानी का काम करता था।