पेड़ से लटके मिले युवक और किशोरी, जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सोमवार को आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुरसा थाना क्षेत्र के एक गांव में 21 वर्षीय युवक व 15 वर्षीय किशोरी ने एक बाग में एक ही कपड़े के दो सिरों से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने दोनों के शव लटकते देखे तो परिजनों को सूचना दी। साथ ही घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस के मुताबिक प्रेम प्रसंग में दोनों ने खुदकुशी की है।
जिस पेड़ से फांसी लगाकर खुदकुशी की गई वहीं एक जग में जहरीला पदार्थ भी मिला है। जग में जहरीला पदार्थ देख पुलिस हैरान रह गई। अंदाजा लगाया जा रहा है कि पहले दोनों ने जहरीला पदार्थ पीया। उसके बाद उल्टियां होने पर दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
फॉरेंसिक टीम के अलावा सीओ सिटी भी मौके पर मौजूद हैं। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है।