उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में थाना पनवाड़ी के एक गांव में मजदूरी का काम कर रही मां को खाना देकर लौट रही 15 वर्षीय किशोरी को युवक ने सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया। शोर-शराबा सुन लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता को डाक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला मेहनत मजदूरी का काम करके परिवार का भरण पोषण करती है। मंगलवार को मां गांव में मेहनत मजदूरी करने गई थी। दोपहर के समय उसकी 15 वर्षीय पुत्री खाना देने गई और वापस घर लौटने लगी। रास्ते में ग्राम महुआ निवासी बउवा पुत्र भूरा यादव किशोरी को रास्ते से पकड़कर समीप में स्थित प्राइमरी विद्यालय के पीछे ले गया और दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने परिजनों को घटना की पूरी जानकारी दी। तब रात करीब 10 बजे परिजन थाना पनवाड़ी पहुंचे और नामजद तहरीर सौंपी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी बउवा के खिलाफ दुुष्कर्म व पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता को डाक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। थानाध्यक्ष पनवाड़ी बलजीत सिंह का कहना है कि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।