इटावा जिले के महेवा कस्बा में मंदिर के पास वांछित को पकड़ने गई पुलिस को आता देख युवक ने कमरे के अंदर पेट्रोल डालकर खुद को जलाने का प्रयास किया। आग लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया और कमरे में रखा सामान भी जल गया। चौकी पुलिस ने आग बुझाकर युवक को सीएचसी भिजवाया, जहां से जिला अस्पताल के बाद सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया।
कस्बा के मंदिर महेवा निवासी पुष्पेंद्र कुमार दोहरे पुत्र नाथूराम को बुधवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे पुलिस कानपुर देहात के सिकंदरा थाना में दर्ज मामले में पकडऩे गई थी। जैसे ही पुलिस उसके घर पर पहुंची तो पुष्पेंद्र ने कमरे के अंदर जाकर बोतल में रखा पेट्रोल अपने ऊपर डालकर आग लगा ली।
चौकी प्रभारी के साथ हमराह फोर्स ने आग बुझाकर गंभीर रूप से झुलसे युवक को सीएचसी भिजवाया, जहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा है।
वहीं पुष्पेंद्र की पत्नी रुचि और माता कांता देवी का आरोप है कि पुलिस ने ही पेट्रोल डालकर पुष्पेंद्र को आग लगा दी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। पत्नी रुचि ने बताया कि वह घर पर ही स्कूल चलाती है और पति पुष्पेंद्र लखना रेंज में वन विभाग में मजदूरी करता है, उसके तीन बच्चे हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि पुष्पेंद्र पर कानपुर देहात जिले के थाना सिकंदरा के अलावा डेरापुर, अकबरपुर, अजीतमल आदि थानों में सात मामले दर्ज हैं। इससे पहले भी अजीतमल के अटसू में नकली आरटीओ के रूप में भी पुलिस ने पुष्पेंद्र को गिरफ्तार किया था। पुलिस से बचने के लिए उसने खुद को आग लगा ली। पुलिस सिकंदरा थाना में 457, 308 धारा में दर्ज मामले में पकडऩे आई थी।