हरदोई के बालामऊ स्टेशन पर चलती ट्रेन से थैला चोरी कर भाग रहे चोर को पकड़ने के प्रयास में युवक नीचे गिर गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसका दाया पैर कट गया। रायबरेली के थाना क्षेत्र डीह के जगदीशपुर गांव निवासी दिलीप कुमार (25) पुत्र धनीराम लुधियाना में काम करता है।
शुक्रवार को वह भाई विजय के साथ लुधियाना से किसान एक्सप्रेस से घर वापस जा रहा था। बालामऊ जंक्शन पर कुछ देर रुकने के बाद ट्रेन चली तो एक युवक ने दिलीप के हाथ से थैला छीन लिया और चलती ट्रेन से कूद गया। चोर का पीछा करने के प्रयास में दिलीप ट्रेन से नीचे गिर गया, तब तक ट्रेन रफ्तार पकड़ चुकी थी।
ट्रेन की चपेट में आने से दिलीप का दाया पैर कट गया। इस बीच यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी। जिस पर भाई विजय समेत अन्य यात्री भी नीचे उतर आए। जीआरपी मौके पर पहुंच गई और घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जीआरपी चौकी इंचार्ज बलजीत यादव ने बताया कि भाई की ओर से कोई तहरीर मिली तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।