इटावा के बढ़पुरा थानाक्षेत्र के असवा गांव में शादी में शामिल होने आया युवक यमुना में नहाते समय डूब गया। लोगों ने यमुना में कूदकर करीब डेढ़ घंटे के बाद युवक का शव निकाला। बढ़पुरा क्षेत्र के असवा गांव निवासी नाथूराम की लड़की किरन देवी की 13 मई को शादी थी।
नाथूराम के परिवार के ही नरेश शाक्य की पुत्री आरती व दामाद पृथ्वीराज (32)पुत्र लायक सिंह निवासी मुवारकपुर गुढ़ा थाना नगला खंगर जिला फिरोजाबाद भी शादी में शामिल होने आया था। बुधवार को मंडप का विसर्जन करने के लिए गांव व परिवार की महिलाओं के साथ पृथ्वीराज भी यमुना पर चला गया। वह यमुना में नहाने लगा तभी वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
मौजूद लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। करीब डेढ़ घंटे की खोजबीन के बाद उसका शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत होने से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। युवक की दो साल पूर्व ही शादी हुई थी। उसके एक पांच माह की पुत्री है।