कानपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की शादी की पहली सालगिरह के दिन उसकी मौत की खबर से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं, दूसरी बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका इलाज चल रहा है। कोतवाली थाना क्षेत्र के बाबा घाट निवासी विशाल वर्मा ने बताया कि उनके छोटे भाई आकाश वर्मा (24) विष्णुपुरी में प्राइवेट नौकरी करते थे।
रविवार को उसकी शादी की साल गिरह थी। रात 11 बजे बाइक से घर लौट रहा था। विष्णुपुरी फल मंडी से कंपनी बाग चौराहे की ओर बढ़ा ही था कि सामने से आ रहे बाइक सवार फूड डिलीवरी ब्वॉय की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों उछलकर दूर गिरे। आकाश ने हेलमेट नहीं लगाया था, जिससे सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घायल को हैलट अस्पताल पहुंचाया।