कानपुर। अमर उजाला फाउंडेशन के साथ मिलकर 11 अक्तूबर को रक्तदान करें। इससे आप दूसरों की जान बचा सकते हैं और ये आपकी सेहत के लिए भी फायदेमंद है। 18 से 65 वर्ष तक की उम्र वाले लोग रक्तदान कर सकते हैं।
रक्तदान शिविर का आयोजन फजलगंज स्थित अमर उजाला कार्यालय में सुबह 11 बजे किया जाएगा। इसमें 18 से 65 वर्ष तक का कोई भी व्यक्ति जिसका वजन 45 किलो से ज्यादा हो रक्तदान कर सकता है। इसके लिए कुछ खास बातों का ध्यान रखना होगा। पिछले 48 घंटों में कोई दवा न ली गई हो, अगर ली है तो चिकित्सक को जरूर बता दें। रक्तदान से पहले भरपूर नींद लें। एक दिन पहले शराब का सेवन किया हो तो रक्तदान न करें। रक्तदान से पहले हल्का भोजन लें। रक्तदान से पहले और बाद में धूम्रपान न करें। डॉक्टरों के अनुसार रक्तदान के बाद खूब पानी पीएं, जंक फूड का सेवन न करें, ऐसे खाद्य पदार्थ लें जिनमें आयरन प्रचुर मात्रा में हो। रक्तदान के बाद 15-20 मिनट आराम जरूर करें। डॉक्टरों ने बताया कि रक्तदान करने से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती है बल्कि इससे शरीर और स्वस्थ बनता है। रक्तदान एक सुरक्षित प्रक्रिया होती है। हर बार नई सुई और पैकेट का इस्तेमाल किया जाता है और बाद में उसे नष्ट कर दिया जाता है। नए और साफ उपकरणों से संक्रमण का खतरा कम होता है। जो लोग रक्तदान करना चाहते हैं वे मोबाइल नंबर 9336200355 पर संपर्क कर सकते हैं।