गड्ढों में तब्दील साकेत नगर रोड पर तीन साल बाद बुधवार को पैचवर्क हुआ। निराला नगर, डबल पुलिया, कालपी रोड आदि की भी हालत सुधरी। हालांकि अभी भी शहर की सबसे बड़ी रामलीला मैदान परेड के आसपास और शोभायात्रा मार्ग समेत तमाम रामलीला स्थलों के आसपास गड्ढे तक नहीं भर पाए हैं।
साउथ सिटी में दीप टाकीज तिराहे से किदवई नगर थाना चौराहा होते हुए गौशाला तक जल निगम ने तीन साल पहले पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी थी। इस सड़क के अब दिन बहुरे। नगर निगम जोन-3 के गैंग ने यहां गड्ढों को भरवाकर पैचवर्क शुरू कराया। निराला नगर पराग डेयरी रोड के गड्ढे तारकोल मिक्स गिट्टी से भरवाए गए।
जोन-6 की टीम ने डबलपुलिया से नमक फैक्ट्री चौराहा होते हुए छपेड़ा पुलिया रोड पर पैचवर्क कराया गया, जबकि नगर निगम जोन-1,2,4,5 में पैचवर्क ठप रहा।
उधर, पीडब्लूडी ने कालपी रोड पर पनकी भाटिया तिराहे से भौंती बाईपास तक छोटे गड्ढे भराए, हालांकि पनकी पड़ाव क्रासिंग के आसपास जलभराव की वजह से यह सड़क ऊबड़-खाबड़ हैं।
कल्याणपुर से पनकी मंदिर तक की सड़क पर भी अभी धूल उड़ रही है। मुंह बांधे बिना यहां से गुजरना मुश्किल जान पड़ता है। ऐसा ही हाल रतनपुर और शताब्दी नगर की सड़क का भी है।