देश की 18 आईआईटी में एडमिशन के लिए प्रस्तावित ज्वाइंट एंट्रेंस टेस्ट (जेईई) एडवांस 2015-16 में 50 हजार ज्यादा स्टूडेंटों को शामिल किया जाएगा। इस पर एनआईटी और आईआईटी काउंसिल की मुहर लग चुकी है।
जल्द ही सर्कुलर जारी होगा। इसके मुताबिक जेईई मेन 2015-16 में सफल डेढ़ के बदले दो लाख स्टूडेंट जेईई एडवांस का पेपर देंगे। यह टेस्ट आईआईटी के लिए होता है।
काउंसिल की मीटिंग के बाद एनआईटी, ट्रिपल आईटी और आईआईटी में एडमिशन के लिए डबल एंट्रेंस टेस्ट कराने का रास्ता साफ हो गया है। अब जेईई मेन का आयोजन 4 अप्रैल 2016 को होगा।
इसके लिए ऑनलाइन आवेदन फार्म भरने की प्रक्रिया अक्तूबर अंत (2015) तक शुरू हो जाएगी। जेईई मेन का रिजल्ट 27 अप्रैल 2016 को आएगा। फिर जेईई एडवांस की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी।
इसका आयोजन 22 मई 2016 को होगा। कानपुर परिक्षेत्र के जेईई चेयरमैन से जुड़े सूत्रों के अनुसार काउंसिल ने कहा है कि 2013-14 और 2014-15 में डेढ़ लाख स्टूडेंटों ने जेईई एडवांस का पेपर दिया था लेकिन 2015-16 में दो लाख स्टूडेंटों को मौका मिलेगा।