यूपी के फर्रुखाबाद जिले में कंपिल स्थित सहकारी सूत कताई मिल शुक्रवार को एसडीएम के आदेश पर कुर्क कर दी गई। श्रम विभाग ने दो करोड़ रुपये का चालान किया था। बताया जा रहा है कि अब जल्दी ही कर्मचारियों का भुगतान भी किया जाएगा। मिल लगभग 18 साल से बंद पड़ी है। इसमें रखी करोड़ों रुपये की मशीनें जंग खा रही हैं।
कंपिल सूत कताई मिल का उद्घाटन सन 1983 में तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह ने किया था। इसे बनवाने में तत्कालीन सांसद और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के पिता खुर्शीद आलम की महत्वपूर्ण भूमिका थी। कताई मिल शुरू से ही अधिकारियों की अनियमितताओं का शिकार रही है। इसमें कार्यरत 1500 से ज्यादा कर्मचारियों का वेतन अटका पड़ा है।
साल 2000 तक मिल पर 80 करोड़ से ज्यादा का कर्ज हो चुका था। इसी कारण अचानक इसे बिना किसी सूचना के बंद कर दिया गया था। तत्कालीन जीएम केके प्रसाद ने कर्मचारियों का भुगतान तक नहीं किया था। पूर्व कर्मचारी विश्राम सिंह यादव ने बताया कि जब से मिल शुरू हुई थी, तब से ही हम लोगों का पीएफ काटा जाता था। उसे संबंधित खाते में नहीं जमा किया जाता था।