उन्नाव-रायबरेली रोड पर तेज रफ्तार डंफर हाइवे किनारे बने एक चाय के होटल के ऊपर पलट गया। होटल में चाय पी रहे लोग दहशत में आकर भाग खड़े हुए इस बीच होटल मालिक की डंफर के नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने ड्राइवर-क्लीनर को गिरफ्तार कर डंपर कब्जे में ले लिया है।
थाना बिहार क्षेत्र उन्नाव निवासी राजेंद्र गुप्ता (42) हाइवे पर चाय का होटल खोले हुए थे। रविवार को एक तेज रफ्तार गिट्टी लदा डंफर अनियंत्रित होकर उनके होटल में पलट गया। इस हादसे में राजेंद्र की डंफर के नीचे दबकर मौत हो गई। चाय पी रहे अन्य लोगों ने भाग कर अपनी जान बचा ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने डंफर चालक गजनेर कानपुर देहात निवासी अवधेश और क्लीनर शीबू को हिरासत में ले लिया है। अवधेश का कहना था कि गाड़ी शीबू चला रहा था सामने से आ रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस की वजह से डंपर का नियंत्रण खो गया जिसकी वजह से गाड़ी पलट गई।
हरदोई मार्ग पर ट्राली लिफ्ट होने से हादसा
हरदोई-उन्नाव मार्ग पर एक डंफर की ट्राली लिफ्ट हो जाने से हादसा हो गया। जिसमें एक दूधवाले का पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायल दूध विक्रेता बिन्नी (40) को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भेजा है साथ ही ड्राइवर गंभीरपुर बिठूर निवासी दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।