इटावा। बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता ने गुरुवार को बिजली निगम के शहरी कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित मिले अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया। साथ ही उपखंड दो व तीन में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक न मिलने पर यहां के कर्मचारियों को तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
अधीक्षण अभियंता आशीष कुमार लाल ने बताया कि सबसे पहले एक्सईएन प्रथम के कार्यालय का निरीक्षण किया जिसमें एक्सईएन प्रथम हनुमान प्रसाद मिश्रा कार्यालय में नही मिले। इसके बाद एसडीओ प्रथम और िद्वतीय के कार्यालय का निरीक्षण किया, यहां एसडीओ तृतीय गगन अग्निहोत्री कार्यालय में अनुपस्थित मिले। इस पर दोनों अधिकारियों व अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है।
इसमें कहा गया है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी तीन दिन में अपना-अपना जवाब देना सुनिश्चित करें। सही जवाब न मिलने पर वेतन काटने की संस्तुति की जाएगी। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि इसके साथ ही कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से उन्होंने विभागीय कामकाज की संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही हिदायत दी कि सभी अधिकारी व कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचें।
इस संबंध में एक्सईएन हनुमान प्रसाद मिश्र ने बताया है कि वह निरीक्षण के समय बीएसए के पास गए हुए थे क्योंकि स्कूलों के ऊपर से गुजरी बिजली लाइन को हटाए जाने के संबंध में वार्ता करनी थी इसलिए वे निरीक्षण के समय बीएसए कार्यालय में थे। वहीं एसडीओ गगन अग्निहोत्री ने बताया कि निरीक्षण के समय वह अपने क्षेत्र के मोहल्ला शिवा कॉलोनी में गए थे, क्योंकि वहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कुछ लोग विरोध कर रहे थे। इसलिए वह उन लोगों को समझाने के लिए शिवा कॉलोनी में थे।