यूपी के उन्नाव जिले में गजौली गांव के दंगल से कुश्ती लड़कर घर जा रहे रायबरेली निवासी दो पहलवानों को बोलेरो सवार बदमाशों ने सवारी के रूप में बैठा लिया। इसके बाद तमंचा लगाकर तीन हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। वन विभाग के जंगल के सामने उतार कर भाग गए। पीड़ित पहलवानों ने ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचना दी। लेकिन एक घंटे तक पुलिस नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने पास से किराया दिया तो वह दोनों दूसरे वाहन से रायबरेली चले गए।
रायबरेली के डीह गांव निवासी हरिकिशन व साहिल मंगलवार को बिछिया के गजौली गांव में आयोजित दंगल में कुश्ती लड़ने आए थे। देर शाम दंगल खत्म होने के बाद वह दोनों घर जाने के लिए दही चौकी तिराहा पहुंचे। यहां तभी एक बोलेरो पास आकर रुकी। पहलवान हरिकिशन और साहिल ने रायबरेली जाने की बात कही तो बोलेरो चालक ने बैठा लिया। गाड़ी में चालक सहित छह लोग पहले से बैठे थे।
हरिकिशन के अनुसार बोलेरो पुरवा मौरावां मार्ग पर दही चौकी से कुछ दूर आगे बढ़ी तभी तीन बदमाशों ने उन पर तमंचा तान दिया। एक ने उनकी जेब से तीन हजार रुपये व मोबाइल निकाल लिया और करीब सात-आठ किलोमीटर चलने के बाद मुर्तजानगर वन विभाग के जंगल के सामने उतार कर चले गए। अजगैन थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि उन्हें लूट की कोई सूचना नहीं मिली। पीड़ित अगर तहरीर देंगे तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।