ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने कहा कि यदि गांव और ब्लॉक स्तर पर कुश्ती का आयोजन समय-समय पर किया जाए तो इस खेल का विकास होगा। अभी सुविधाएं न मिलने के कारण घर वाले अपने बच्चों को इस खेल की तरफ नहीं भेजते हैं।
सरकार ने कुश्ती के लिए बहुत कुछ किया है। लड़कियों के लिए भी कुश्ती में काफी रास्ते हैं। अब समाज में काफी बदलाव आया है। बेटी बचाओ, बेटी बढ़ाओ और बेटी खिलाओ होना चाहिए।
साक्षी ने कहा कि टोकियों में होने वाली चैंपियनशिप को लेकर वह अपनी तैयारी कर रही हैं। साक्षी अपने पति अर्जुन अवार्डी सत्यव्रत के साथ कार्यक्रम में शिरकत करने आई थीं। साक्षी ने कहा कि उनके ससुर सत्यवान केदान कुश्ती के प्रशिक्षक हैं, उन्हीं की देखरेख में कुश्ती के दांव पेंच सीख रहीं हूं। राजनीति से मैं काफी दूर हूं।
कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता पहलवान नरसिंह यादव ने कहा कि आगामी इंटरनेशनल चैंपियनशिप को लेकर वह कड़ी तैयारी कर रहें हैं। नरसिंह ने कहा कि आने वाले समय में कुश्ती में काफी खिलाड़ी दिखाई देंगे, क्योंकि सरकार कुश्ती के लिए काफी कुछ सुविधाएं दे रही हैं।
देश विदेश में होने वाली कुश्ती में खिलाड़ियों को काफी सुविधाएं मिलती हैं। बचपन से ही कुश्ती में दिलचस्पी थी। कुश्ती से ही मेरी पूरे देश में पहचान बनी है। आगे भी जीत के क्रम को जारी रखना है।