कानपुर। पहले पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य करना बहुत कठिन था, लेकिन अब यह शानदार कॅरियर बन चुका है। समय के अंदर कार्य करना ही पत्रकारिता की पहली शर्त होती है। इसके छात्रों को चाहिए कि वह सदैव नई तकनीक से जुड़कर रहें। अपने पाठ्यक्रम के अलावा मीडिया संस्थानों की भी जानकारी रखें। यह बातें शनिवार को वरिष्ठ पत्रकार राजेश सुंदरम ने छत्रपति शाहूजी महाराज विवि में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से आयोजित संगोष्ठी में कहीं।
उन्होंने कहा कि अगर आप एक अच्छे लेखक हैं तो आप सफल पत्रकार बन सकते हैं। उन्होंने छात्रों को न्यूज एजेंसी के इतिहास और कार्यप्रणाली के बारे में बताया। वरिष्ठ पत्रकार दिनेश पाठक ने कहा कि आज हर मीडिया संस्था सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है। पत्रकारिता के छात्रों को हर विषय का गहन अध्ययन करना होगा। भाषा शैली व शब्दों के चयन पर विशेष ध्यान दें। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. विशाल शर्मा ने छात्रों से कहा कि आप सभी नित्य कुछ नया सीखने का प्रयास करें। अच्छे पत्रकार की पहचान उनकी ओर से पूछे गए प्रश्न से होती है इसीलिए प्रश्न पूछने की आदत डालें। मौके पर डॉ. दिवाकर अवस्थी, डॉ. जितेंद्र डबराल, डॉ. योगेंद्र पांडेय, डॉ. ओमशंकर गुप्ता, डॉ. रश्मि गौतम, डॉ. हरिओम आदि मौजूद रहे।