रसूलाबाद। नगर के एक पैलेस में बुधवार को विधानसभा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण पर भाजपा की कार्यशाला हुई। मुख्य अतिथि ने कहा कि कार्यकर्ता मतदाता सत्यापन व पंजीकरण में बूथ पर सक्रिय रहें।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कानपुर बुंदेलखंड के क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में जोड़ना और त्रुटियों का निराकरण करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से मतदाता सत्यापन और नए मतदाताओं के पंजीकरण में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
क्षेत्रीय विधायक पूनम संखवार ने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को सजग रहकर एक स्वच्छ और साफ वोटर लिस्ट का निर्माण करने में सहयोग करना है। एक भी फर्जी वोटर रहना नहीं चाहिए और असली वोटर छूटना नहीं चाहिए। वोटर लिस्ट साफ एवं निष्पक्ष होगी तभी मतदान निष्पक्ष होगा। यहां पूर्व क्षेत्रीय मंत्री अरुण पाल, जिला मंत्री चंद्र कुमार शुक्ला, जीतू त्रिपाठी, अटल बिहारी वाजपेई, रंजना द्विवेदी, ओम शंकर, किशन मिश्रा आदि मौजूद रहे।