कानपुर देहात के पुखरायां में शुक्रवार रात रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर ठहरी श्रमिक स्पेशल ट्रेन के यात्रियाें ने पीने का पानी न मिलने पर हंगामा किया। यात्रियों ने तोड़फोड़ कर दी। आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों को समझाकर शांत कराया।
शुक्रवार नौ बजे ट्रेन नंबर-06123 श्रमिक स्पेशल झांसी से कानपुर की ओर जाते वक्त स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर रुकी। दूर से सफर करके आए यात्रियों को पीने का पानी नहीं मिला। प्लेटफार्म में व्यवस्थित स्टैंड पोस्ट के नलों की टोटियां से पानी न निकलने पर हंगामा शुरू कर दिया।
कुछ यात्रियों ने निर्माणाधीन प्लेटफार्म पर लगी बल्लियां उखाड़कर तोड़फोड़ शुरू कर दी। जीआरपी चौकी इंचार्ज शिव नारायण और आरपीएफ चौकी इंचार्ज विक्टर लाकरा ने पुलिस बल के साथ पहुंचे। यात्रियों को समझाया कि निर्माणाधीन प्लेटफार्म में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है।