यूपी के औरैया जिले में ठेकेदार द्वारा पैसे न दिए जाने पर भट्ठा श्रमिक ने ट्रेन के आगे लेटकर जान देने की कोशिश की। चालक की सूझबूझ से उसकी जान बच सकी। भागलपुर से आनंद विहार दिल्ली को जाने वाली एक्सप्रेस को शनिवार रात फफूंद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर रोका जा रहा था। ट्रेन आ पाती तभी एक युवक पटरी पर आकर लेट गया। वहां मौजूद महिला पोर्टर के चिल्लाने पर ट्रेन चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका।
ट्रेन के रुकते रुकते इंजन की चपेट में वह आ गया। हालांकि उसे चोट नहीं आई। मौके पर पहुंचे जीआरपी के उपनिरीक्षक प्रताप सिंह, सिपाही देवेंद्र पांडेय, सम्मेद अली, विनय कुमार यादव ने यात्रियों की मदद से उसे तमाम प्रयासों के बाद बाहर निकाला। जीआरपी के मुंसी विनय कुमार यादव ने बताया कि युवक बिहार के अदिवासी क्षेत्र का रहने वाला था। वह किसी भट्ठे पर काम करता था। ठेकेदार द्वारा उसका पैसा न दिए जाने से वह परेशान था। उसने अपना नाम पता बताने से इनकार कर दिया। देर रात उसे कानपुर जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया गया है।