यूपी के फर्रुखाबाद जिले में ट्रक से मौरंग उतारते समय ऊपर से गुजरी एचटी लाइन की चपेट में आने से श्रमिक की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव चाचूपुर जटपुरा निवासी पप्पू (27) पुत्र तेजराम अपने भाई राजवीर के साथ शहर के मसेनी चौराहे पर एक भवन निर्माण सामग्री की दुकान पर काम करता था।
रविवार सुबह दुकान पर एक ट्रक मौरंग लेकर पहुंचा। उस पर चढ़कर पप्पू व राजवीर मौरंग उतारने लगे। तभी ऊपर से गुजरी बिजली की एचटी लाइन में पप्पू का सिर छू गया। तेज आवाज के साथ पप्पू झुलसकर ट्रक पर गिर पड़ा। यह देख उसका भाई डर गया।
दुकान मालिक व राजवीर उसे लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने पप्पू को मृत घोषित कर दिया। यह सुन दुकान मालिका वहां से खिसक लिया। जानकारी मिलने पर पप्पू के परिजन लोहिया अस्पताल पहुंच गए। इससे वहां चीत्कार मच गया। पप्पू अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।