कानपुर देहात में अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रनिया स्थित लोहे के तार बनाने वाली एक फैक्ट्री में काम कर रहा श्रमिक पंखे का तार टूटने से करंट की चपेट में आ गया। जिसके बाद श्रमिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। श्रमिक की मौत से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार गजनेर थाना क्षेत्र के सीधामऊ गांव निवासी छानू तिवारी (32) करीब 10 साल से रनिया स्थित एक स्टील फैक्ट्री में काम करता था। मंगलवार को वह रात की शिफ्ट में ड्यूटी करने गया था। वहां मशीन पर काम करते समय देर रात पंखे का तार टूटकर उसके ऊपर आ गिरा।
करंट लगने से उसने तड़पकर दम तोड़ दिया। घटना से उत्तेजित ग्रामीणों ने हंगामा शुरू किया। बवाल की सूचना पर पहुंचे रनिया चौकी इंचार्ज को परिजनों व ग्रामीणों ने शव नहीं उठाने दिया।