कानपुर। पांडुनगर के नवीननगर स्थित चार मंजिला हार्मोनी डीलक्स अपार्टमेंट के अंदर सोमवार को निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। अपार्टमेंट को केडीए ने सील कर नोटिस चस्पा कर रखा था। अब अपार्टमेंट से सील और नोटिस दोनों ही गायब हैं। वहीं, बिल्डिंग की जांच रिपोर्ट अभी एचबीटीयू ने केडीए को नहीं सौंपी है।
दो सप्ताह पहले बारिश में हार्मोनी डीलक्स अपार्टमेंट की फर्श ढह गई थी। उसके मलबे में कई वाहन दब गए थे। केडीए ने सुरक्षा की दृष्टि से अपार्टमेंट में रहने वाले 13 परिवारों से फ्लैट खाली करा लिए थे और उसे सील कर दिया था। अपार्टमेंट रहने लायक है या नहीं है, इसकी जांच के लिए केडीए ने एचबीटीयू को जिम्मा सौंपा था। पिछले मंगलवार को एचबीटीयू की टीम ने जांच की थी और दो दिन में रिपोर्ट देने की बात कही थी। हालांकि अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं आई है। इस बीच यह जरूर हुआ कि अपार्टमेंट के गेट पर लगा केडीए का नोटिस और सील गायब हो गई। साथ ही अपार्टमेंट के अंदर निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया।
-
केडीए और बिल्डर आमने-सामने
अपार्टमेंट के बेसमेंट में पानी भरा था सिर्फ उसे निकालने की अनुमति दी गई है। अगर पानी न निकाला जाता तो बिल्डिंग को और नुकसान हो सकता था। नोटिस और सील हटाने की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो मंगलवार को जांच करा कर कार्रवाई की जाएगी। एचबीटीयू की टीम ने रिपोर्ट देने के लिए दो दिन का समय और मांगा है। अपार्टमेंट में प्रवेश तभी करने दिया जाएगा जब एचबीटीयू की रिपोर्ट में सब कुछ ठीक मिलेगा। - बृजेंद्र उपाध्याय, विशेष कार्याधिकारी, केडीए।
नक्शा स्वीकृत करा कर बनाई गई बिल्डिंग को सील करने का अधिकार केडीए को नहीं है। केडीए की ओर से हमसे कहा गया कि आप ही स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग की किसी पंजीकृत एजेंसी से चेक करा लें कि बिल्डिंग रहने योग्य है या नहीं है। विशेषज्ञ एजेंसी की जांच रिपोर्ट में सब कुछ सही मिला। हमने रिपोर्ट केडीए को दे दी है। अपार्टमेंट में कुछ हुआ भी नहीं था। वहां के फ्लैट में रहने वाले ही कुछ लोगों ने अफवाह फैला दी थी कि वह झुक गया है। गलती मेट्रो और नगर निगम की है। अपार्टमेंट के सारे फ्लैट बेचने के आठ साल बाद अब वहां से हमारा लेना-देना भी नहीं है। फिर भी मानवीय आधार पर हम वहां हुए नुकसान को सही करा रहे हैं। - अशोक मेहरा, बिल्डर।