कानपुर। केडीए बोर्ड की 23 अप्रैल को होने वाली बोर्ड बैठक में स्वरूपनगर घंटाघर में महिला मार्केट व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनवाने, केडीए के फ्लैटों के दाम घटाने सहित 14 प्रस्ताव रखे जाएंगे। केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल ने बुधवार को नगर आयुक्त, केडीए सचिव सहित अन्य अफसरों के साथ बैठक कर इसकी तैयारियां कीं।
नगर निगम ने केडीए की योजना के तहत गुटैया स्थित भूखंड पर कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना तैयार की है। यह भूखंड करीब 3567.51 वर्गमीटर का है। इस पर चार मंजिला आधुनिक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनेगा। इस प्रस्ताव को 19 फरवरी 2024 को नगर निगम सदन में स्वीकृति मिल चुकी है। भूखंड की कीमत 30.96 करोड़ के अलावा करीब 3.71 करोड़ रुपये फ्रीहोल्ड शुल्क अलग से देय होगा। महिला मार्केट में पार्किंग की व्यवस्था भी होगी।
स्वरूपनगर घंटाघर में नगर निगम महिला मार्केट बनवाएगा। यह महिलाओं की ही बाजार होगी, जिसमें महिलाओं को ही दुकानें आवंटित की जाएंगी। केडीए ने महिला मार्केट के लिए अनापत्ति देने पर कुछ शर्तें लगाई हैं। नगर निगम की ओर से पार्किंग के लिए सहमति देने के बाद ही भूखंड का पट्टा उसके पक्ष में किया जाएगा। भूखंड मूल्य के समायोजन और अन्य वित्तीय देयताओं के लिए भी सहमति लेना जरूरी है।
बोर्ड बैठक के एजेंडे में शहर के नवविकसित क्षेत्रों में 10 साल पहले 12 आवासीय योजनाओं में न बिकने वाले 7269 फ्लैट के रेट घटाने का प्रस्ताव भी शामिल है। मैनावती मार्ग स्थित केडीए ड्रीम्स, जवाहरपुरम, शताब्दीनगर स्थित रामगंगा इन्क्लेव, अमन इन्क्लेव, मंदाकिनी, हिमालय, यमुना, नीलगिरी, हिमगिरी सहित 12 आवासीय योजनाओं में 12304 फ्लैट बनाए थे, पर इनमें से विकासनगर स्थित सिग्नेचर ग्रीन्स सिटी के ही लगभग 98.5 प्रतिशत फ्लैट बिके हैं। केडीए करीब 45 प्रतिशत फ्लैट अभी तक नहीं बेच पाया है। इनकी कीमत 11.75 लाख से करीब 35 लाख रुपये है। केडीए अब इन फ्लैटों के श्रेणीवार पांच से 15 प्रतिशत तक दाम घटा सकता है। बोर्ड बैठक में इस पर भी फैसला होगा।
सिविल लाइंस में मैकराबर्ट मेमोरियल हॉस्पिटल को मल्टी सुपर स्पेशियलिटी में बदलने का प्रस्ताव भी बैठक में पेश किया जाएगा। इसके अलावा शताब्दीनगर योजना के व्यावसायिक भूखंडों पर निर्माण पर सेटबैक में छूट और केडीए के फ्लैटों को अनुबंध के आधार पर कब्जा देने पर भी विचार होगा। मेट्रो परियोजनाओं में विशेष सुविधा देने का प्रस्ताव भी एजेंडे में है। इसके साथ ही बाह्य विकास शुल्क की पुनरीक्षित दरों पर बोर्ड का अनुमोदन भी मांगा जाएगा। केडीए क्षेत्र की जीआईएस आधारित महायोजना -2031 का प्रारूप भी प्रस्तुत होगा। वित्तीय वर्ष 2025-26 का पुनरीक्षित बजट, 2026-27 का बजट और 2024-25 की बैलेंस शीट भी एजेंडे में शामिल की जाएगी।
कोट
केडीए बोर्ड की 145 वीं बैठक में बजट, स्वरूपनगर घंटाघर में महिला मार्केट के लिए एनओसी, केडीए के फ्लैटों के दाम घटाने, भू-उपयोग परिवर्तन सहित अन्य प्रस्तावों पर विचार - विमर्श होगा। इनमें से कई प्रस्ताव पास होंगे।
- मदन सिंह गब्र्याल, उपाध्यक्ष, कानपुर विकास प्राधिकरण