कानपुर देहात। जनपद के अमरौधा व डेरापुर ब्लॉक में समूह की करीब 20 महिलाएं मोमबत्ती बनाने का काम कर अपने जीवन को रोशन कर रही हैं। उन्होंने इस बात को साबित कर दिखाया है कि महिलाएं सिर्फ घर की दहलीज के भीतर रहकर चौका बर्तन ही नहीं करती हैं, बल्कि, पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल सकती हैं।
सरकार महिलाओं को सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। योजनाओं के तहत प्रशिक्षण लेकर कई महिलाएं समूह के माध्यम से आत्मनिर्भर होकर आगे बढ़ रहीं हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला मिशन प्रबंधक पूजा वर्मा ने बताया कि अमरौधा ब्लॉक के बरौली की मीना देवी व डेरापुर के चिलौली की सिखा तिवारी ने 10-10 महिलाओं के साथ मिलकर स्वयं सहायता समूह तैयार किया है। इन सभी की आरसेटी के माध्यम से मोमबत्ती के साथ अगरबत्ती, धूपबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दिया गया है।
आरसेटी के प्रशिक्षक निखिल मिश्रा ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने पर इन्होंने कारोबार शुरू करने के लिए योजना के तहत ऋण लेकर काम शुरू किया। अब कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं। मोमबत्ती का कारोबार कर रहीं सिखा तिवारी का कहना है कि मोमबत्ती के साथ अन्य उत्पादों को बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। अब यह कारोबार को आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन रही है।
साथ ही गांव की अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने का कार्य कर रही हैं। जबकि मीना देवी ने बताया कि अगर कई लोग साथ में मिलकर आपसी सूझबूझ से काम किसी काम करें, तो उसमें सफलता जरूर मिलती है। यहीं हमारी सफलता का राज है। समूह की सभी महिलाओं ने मिलकर काम को बांट लिया है। कोई मार्केटिंग तो कोई उत्पाद को बनाने का काम संभाल रहा है।
.................
बयान.....
दो समूह की 20 महिलाओं ने मोमबत्ती का कारोबार शुरू करने की इच्छा जाहिर की थी, इस पर उन्हें प्रशिक्षण देकर कारोबार शुरू करने के लिए योजना के तहत ऋण दिलाने में सहायता प्रदान की गई है। अब वह प्रतिमाह करीब 10-10 हजार रुपये की आमदनी कर रही हैं। वे सभी अन्य महिलाएं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। - मयंक कटियार, निदेशक, आरसेटी