दो मासूम बच्चों को खूंटे से बांधकर नित्य क्रिया के लिए खेत जाने की जलालत से बचने को विवाहिता अपना शौचालय बनवा रही थी। लेकिन परिजनों के विरोध के आगे उसकी एक न चली। इससे क्षुब्ध होकर महिला ने बुधवार को केरोसिन डालकर आत्मदाह कर लिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की बात कह रही है। घटना फतेहपुर ललौली थाना क्षेत्र के दतौली गांव की है।
गांव निवासी रामबहादुर की पत्नी गुड़िया देवी (35) बुधवार सुबह करीब दस बजे घर में शौचालय का गड्ढा खुदवा रही थी। पति रामबहादुर ने बताया कि गुड़िया उससे बार-बार कहती थी कि भाई बउवा, राम सिंह, लल्ला सिंह और मां कुसुमा देवी उसे घर में बने शौचालय में नहीं जाने देती हैं। उसे दो मासूम बच्चे दीपिका (7) और शिवम (5) को खूंटे में बांधकर शौचक्रिया के लिए जंगल पड़ता था। काफी दिनों से वह अपने खर्च पर शौचालय बनवाना चाह रहे थे, लेकिन भाइयों और मां के विरोध के चलते निर्माण रुका था।