सरवनखेड़ा। गजनेर थानाक्षेत्र के भैथाना गांव में पति के साथ लाही की फसल काटने गई थी। इस दौरान बेमौसम बारिश से फसल में कम पैदावार की आशंका को लेकर महिला की अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
भैथाना गांव निवासी देशराज ने अपने परिवार के भरण पोषण के लिए गांव के ही शिवशंकर पांडे के खेत बटाई में लिए थे। खेत में कड़ी मेहनत अच्छी लागत से लाही की फसल तैयार की थी। रविवार को देशराज अपनी पत्नी सत्तो (38) के साथ दोपहर ढाई बजे के करीब लाही की फसल की कटाई करने गया था। देशराज ने बताया की कटाई के दौरान पत्नी ने कहा की बेमौसम बारिश से फसल खराब हो गई है। पैदावार बहुत कम होगी। यह कहकर वह वहीं बैठकर सोचने लगी और अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां ड्यूटी पर तैनात डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर मृतका के बेटे रौनक (15),मनीष (12),अजीत (10) ,आशीष (7) , गौरव (5) रोने लगे। ग्राम प्रधान मनोज पासवान ने बताया की फसल खराब होने के सदमे से महिला की मौत हुई है। इसकी सूचना तहसील प्रशासन को दी गई है।