16 वर्ष पूर्व हुई थी शादी
प्राप्त जानकारी के अनुसार नरवल निवासी 33 वर्षीया रूखसाना का विवाह लगभग 16 वर्ष पूर्व बांदा जिले के मर्दन नाका निवासी यासीन के साथ हुआ था। दंपति की 11 साल की एक बेटी भी है। मां मुनीरन का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति यासीन, सास जिन्नत, ससुर इमाम बक्श और देवर हसीन रूखसाना को दहेज और घरेलू बातों को लेकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
जेवर-कपड़े छीनकर घर से निकाला, डिप्रेशन में उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों ने बताया कि 10 जनवरी 2025 को ससुराल वालों ने मारपीट कर रूखसाना को घर से बाहर निकाल दिया था और उसके सारे जेवर व कपड़े रख लिए थे। इसके बाद से वह अपनी बेटी के साथ नरवल स्थित मायके में ही रह रही थी। कई बार सामाजिक पंचायत और समझौते के प्रयास हुए, लेकिन कोई हल नहीं निकला।
लगातार मिल रहे मानसिक तनाव के चलते 26 जुलाई की सुबह करीब 04 बजे रूखसाना ने सब्जी काटने वाले चाकू से अपने गले पर वार कर लिया। चीख-पुकार सुनकर परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मां की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी
रूखसाना की मां ने ससुराल पक्ष के चार सदस्यों के खिलाफ नरवल थाने में नामजद तहरीर दी है। नरवल थानाध्यक्ष अनिल कुमार तोमर ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।