यूपी के कानपुर देहात में रविवार को जिला महिला अस्पताल में उपचार के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। शनिवार को रसूलाबाद में ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर के नहीं होने से समुचित इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया।
रसूलाबाद के तरसौली निवासी मृतका फूलमती (28) के पति अजय पाल ने बताया कि शनिवार को प्रसव पीड़ा होने पर उसे देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। जहां उसने रविवार तड़के स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। जच्चा की हालत बिगड़ने लगी, जिस पर सीएचसी से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि उपचार के दौरान प्रसूता की मौत हो गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिला के उपचार में चिकित्सकों की ओर से लापरवाही बरतने के कारण उसकी मौत हुई है। जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सक अमित कुमार सक्सेना ने बताया कि अभिलेखों में शनिवार की रात्रि में महिला डॉक्टर राशि जैन की स्वास्थ्य केंद्र के महिला विंग में तैनाती थी, लेकिन उनके अनुपस्थित होने के कारण दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सरफराज नवाज ने महिला को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर किया था।
बोले जिम्मेदार
महिला की स्थिति नाजुक थी, जिस कारण वह रसूलाबाद से रेफर की गई थी। स्थिति गंभीर होने के कारण कानपुर हैलट रेफर करने की योजना थी लेकिन उससे पूर्व ही उसकी मौत हो गई।
- कुमकुम शर्मा, सीएमएस जिला महिला चिकित्सालय
अगर महिला डॉक्टर ड्यूटी से नदारद है तो वेतन काटा जाएगा। मामले की जांच कराई जाएगी और आरोप साबित होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-हीरा सिंह, सीएमओ जिला अस्पताल