कानपुर के पनकी नहर में बृहस्पतिवार को एक महिला का एक निर्वस्त्र शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची कल्याणपुर-पनकी थाना पुलिस छह घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही। इसी बीच कल्याणपुर की आवास-विकास चौकी के एक दरोगा के बेतुके बयान पर लोग भड़क गए।
बाद में पनकी पुलिस ने शव नहर से बाहर निकलवाया। कल्याणपुर के बारासिरोही पुल के पास सुबह करीब 8 बजे नहर में करीब 50 वर्षीय महिला का निर्वस्त्र शव उतराता देख लोगों ने 112 नंबर पर सूचना दी। थोड़ी देर बाद कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव नहीं निकाला।
दोपहर करीब 12 बजे वही शव पनकी पावर हाउस केपास उतराता दिखा। पनकी मंदिर चौकी प्रभारी धीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने कल्याणपुर केदरोगा सुरेंद्र कुमार को भी बुलाया। दोनों दरोगा सीमा विवाद में उलझ गए। लगभग दो घंटे बाद तय हुआ कि आधा शव कल्याणपुर और आधा पनकी क्षेत्र में है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दरोगा सुरेंद्र कुमार ने इसी बीच एक बेतुका बयान दे दिया। इस पर लोग आक्रोशित हो गए। शव लगभग छह घंटे नहर में ही पड़ा रहा। मामला बढ़ता देख पनकी पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा कराया। एसओ पनकी विनोद सिंह का कहना है कि कल्याणपुर पुलिस शव की जिम्मेदारी लेने से बच रही थी। शव की शिनाख्त का प्रयास कराया जा रहा है।