कानपुर देहात के राजपुर कस्बे में पति की हत्या कर शव गायब करने के आरोप में एक महिला ने जेठ-जिठानी व ससुर सहित पांच पर फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने फर्जी रिपोर्ट लिखाने वाली महिला के ससुर की तहरीर पर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। महिला और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जालौन चुर्खी थाना क्षेत्र के रिछाना गांव निवासी प्रमोद कुमार की पत्नी सियादुलारी ने ससुर लाल सिंह, जेठ संतोष कुमार, जिठानी पुष्पा व उसके बेटे दिनेश कुमार सहित रिश्तेदार भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के सरौठा गांव के राज बहादुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कहा था कि पति का अपहरण करने के बाद हत्या कर शव गायब कर दिया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान महिला के पति प्रमोद कुमार को आठ फरवरी को पुखरायां रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने 10 फरवरी को भोगनीपुर चौराहे से फर्जी रिपोर्ट लिखाने वाली महिला को भी गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी सट्टी रोहित तिवारी ने बताया कि सिया दुलारी के खिलाफ ससुर लाल सिंह ने धमकी व प्रताड़ित सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला व उसके पति को न्यायालय में पेश कर वहां से जेल भेज दिया गया।