चित्रकूट जिले में रैपुरा थाना अंतर्गत मैकी रोड के इटवा संपर्क मार्ग पर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई और देवर घायल हो गया। घटना के दिन ही महिला के पुत्र की बरात जानी थी। वह खरीदारी के लिए बाजार गई हुई थीं।
इटवा गांव के हथराजीपुरवा निवासी नानकई (45) पत्नी सोहनलाल सोमवार दोपहर को देवर ननका के साथ बाइक से सामान खरीदने के लिए बाजार आईं थीं। वहां से लौटते समय गांव से 15 किमी पहले संपर्क मार्ग के पास एक अनियंत्रित पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दिया।
इससे बाइक पर सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोट लगने से घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई और बाइक चला रहा देवर घायल हो गया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में खुशी की जगह कोहराम मच गया।
पति ने बताया कि उसके बडे़ पुत्र अजय की डभौरा गांव में 30 नवंबर को बरात जानी थी। रैपुरा थाने के एसआई शिवपूजन यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। पिकअप व चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है।