रसूलाबाद। जोत गांव में सोमवार सुबह एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी ले गए। डॉक्टर ने गंभीर हालत में हैलट रेफर किया। वहां गेट पर पहुंचते ही महिला ने दम तोड़ दिया। परिजन शव घर ले आए और बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया।
जोत गांव निवासी अहिबरन सिंह सेंगर की पत्नी उमा देवी (55) ने सोमवार की सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन सीएचसी ले गए। वहां डॉ. आशीष मिश्र ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक देख हैलट रेफर कर दिया। परिजन 108 एंबुलेंस से हैलट ले गए। वहां अस्पताल गेट के बाहर उमा देवी ने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन घर में किसी बात को लेकर कलह होती थी। इससे ऊबकर महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। महिला की मौत की सूचना पर बेटा लक्ष्मण सिंह, विवाहित बेटियां लता, रेखा बिलखती रहीं। पति अहिबरन सिंह ने बताया कि पेट दर्द की दवा के धोखे पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि घटना की कोई सूचना नहीं मिली है।