लोकतंत्र के महापर्व में सभी नेता मैदान में पसीना बहा रहे हैं लेकिन मूल मुद्दे ही चुनाव से गायब हैं। खस्ताहाल सड़कों को कोई बात नहीं कर रहा है। इसी का नतीजा है कि सड़कें जानलेवा हो गई हैं। रविवार रात को भांजी की शादी से पति के साथ वापस आ रही एक महिला की सड़क के गड्ढों की वजह से बाइक से गिरकर जान चली गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। घटना यूपी के फर्रुखाबाद जिले की है।
कुइयांधीर गांव निवासी अवधेश गंगवार कुइयांखेड़ा गांव निवासी भांजी गुड्डू देवी पुत्री उपदेश गंगवार की शादी में कायमगंज स्थित गेस्ट हाउस गए थे। अवधेश अपनी पत्नी गुड्डी देवी (42) के साथ देर रात वहां से वह वापस आ रहे थे। फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग पर पपड़ी गांव के पास गड्ढों में पहिया जाने से बाइक उछली और गुड्डी देवी उछलकर सड़क पर जा गिरी। अवधेश ने परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन उन्हें सीएचसी कायमगंज ले गए। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी।
बेटी पांच मई को होनी है शादी
गुड्डी देवी के दो बेटियां निधि और दिव्या हैं। निधि की पांच मई को शादी होनी हैं। इसके लिए अवधेश ने सारी तैयारियां कर ली हैं। रिश्तेदारों को शादी के कार्ड बंट चुके हैं। घर में सामान रखा होने की वजह से ही अवधेश रात में ही घर वापस आ रहे थे। क्योंकि आए दिन चोरी की घटनाएं होने से क्षेत्र के लोग दहशत में है। गुड्डी की मौत होने से उनके घर में शादी की खुशियों की जगह मातम पसर गया है।