उत्तर प्रदेश में उरई के डकोर थाना क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला अपने पति के साथ जंगल में लकड़ी बीनने गई थी।
मुहम्मादाबा। डकोर में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। महिला पति के साथ जंगल लकड़ी बीनने गई थी। उसका शव नाले में पड़ा मिला। पति का कहना है कि उसकी मौत नाले में गिरने से हुई है, जबकि महिला के चेहरे पर धारदार हथियार व किसी भारी चीज से प्रहार करने के निशान हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पति, ससुर व चाचा को हिरासत में लिया है। कार्यवाहक थाना प्रभारी हरीश सिंह का कहना है कि मामला संदिग्ध है। मायके वालों को भी सूचना दे दी गई है।
डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम ऐरी निवासी मिथलेश (26) पत्नी पूरन शनिवार की सुबह छह बजे पति के साथ गांव के बाहर जंगल से लकड़ी लेने गई थी। दोपहर में पूरन अकेला रोता हुआ गांव पहुंचा और उसने बताया कि पेड़ से बेर तोड़ते वक्त मिथलेश का पैर फिसल गया और वह नाले में जा गिरी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीण जंगल में पहुंचे तो देखा कि मिथलेश का शव जंगल में एक 30 फीट गहरे नाले में पड़ा था।
सूचना मिलने पर कुछ ही देर में डकोर थाने की पुलिस पहुंच गई और पुलिस ने शव नाले से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। वहीं मिथलेश के चेहरे पर धारदार हथियार के जख्म थे। पुलिस ने फिलहाल संदेह के आधार पर पूरन, उसके पिता मूलचंद व चाचा पूरन को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरन की बताई हुई घटना और शव की हालत देखकर मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। जल्द ही मामले की हकीकत सामने होगी।
बरामद हुई कुल्हाड़ी, खून से सने कपड़े
ग्रामीणों को पत्नी की मौत की बात बताकर पूरन सीधे घर पहुंचा और वहां उसने खून से सने कपड़े व लकड़ी काटने लिए ले जाई गई कुल्हाड़ी घर में छिपा दी। पूछताछ में उसने कुल्हाड़ी खोने व कपड़े यही पहने होने की बात की। उसकी बात पर संदेह होने पर पुलिस ने घर की तलाशी ली तो खून से सने कपड़े व कुल्हाड़ी बरामद हो गई। जल्द ही पुलिस घटना का खुलासा कर सकती है।
पति पत्नी के रिश्तों में थी खटास
परिजनों की मानें तो मिथलेश की पूरन के साथ तीन साल पूर्व शादी हुई थी। शादी के एक दो साल तो सब कुछ ठीक चला। लेकिन पिछले कुछ दिनों से इनके बाद किसी बात पर मनमुटाव चल रहा था। दोनों में काफी कहासुनी भी होती थी। कई बार पूरन मिथलेश पर हाथ उठा चुका था। इसके अलावा जंगल में इन दोनों के अलावा कोई और साथ नहीं था, जिससे पूरन की बात संदिग्ध नजर आ रही थी।
अविवाहित चाचा भी संदेह के घेरे में
मिथलेश की मौत के मामले में पूरन व ससुर मूलचंद के अलावा पूरन के अविवाहित चाचा दीवान को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसको लेकर गांव में ग्रामीण बताते हैं कि दीवान का ज्यादातर समय पूरन के घर में ही बीतता था।