सिकंदरा। थाना क्षेत्र के मिरगांव में कब्रिस्तान की जगह पर कॉलोनी बनाने से रोकने पर नाराज महिला ने सोमवार दोपहर को दो बार पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा किया। तहसीलदार के समझाने पर महिला शांत होकर टंकी से नीचे उतर आई। मिरगांव गांव की सलीमन पत्नी स्वर्गीय नौसाद अपने मायके में दो बच्चों व भाई इरफान के साथ रहती है। कॉलोनी के लिए किश्त आवंटित होने के बाद उसने कब्रिस्तान में निर्माण करवाना शुरू करवाया था। जिसे तहसील प्रशासन ने रुकवा दिया। इससे नाराज सलीमन सोमवार दोपहर एक बजे के करीब कट्टी में ज्वलनशील पदार्थ लेकर पानी की टंकी पर चढ़कर निर्माण न करने देने पर आत्मदाह करने की चेतावनी देने लगी।
जानकारी पर पहुंची पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर दोपहर एक बजे के करीब वह टंकी से नीचे उतर आई। इसके एक घंटे बाद उसने दोबारा टंकी पर चढ़कर हंगामा किया।
मौके पर पहुंची तहसीलदार सुप्रिया याज्ञिक के समझाने पर वह आधे घंटे बाद नीचे उतर आई। सलीमन ने इंचार्ज तहसीलदार को बताया कि कब्रिस्तान की जगह घोषित होने के पहले से ही वहां 12 लोग मकान बनाकर रह रहे हैं। उसे भी घर बनवाने की अनुमति दी जाए। वह भूमिहीन है कबतक भाई के घर में रहे।
इंचार्ज तहसीलदार सुप्रिया याज्ञिक ने बताया कि तत्कालीन तहसीलदार के निर्देश पर वर्ष 2014 में गाटा संख्या 618 से गाटा संख्या 614 ग की 10 विस्वा जमीन कब्रिस्तान के नाम आवंटित की गई थी। वहां बने 12 घरों के स्वामियों को नोटिस की गई थी। पूरे मामले की जानकारी जिलाधिकारी को बताया गया है। मामले में जिलाधिकारी के निर्देश अनुसार कार्रवाई की जाएगी।