कानपुर अंबेडकर नगर में शनिवार दोपहर शोहदों की धमकी से तंग आकर एक महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई और सुसाइड करने की धमकी देने लगी। महिला ने पुलिस पर छेड़खानी और मारपीट के मामले में कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद महिला को टंकी से नीचे उतारा।
गुजैनी निवासी महिला शनिवार दोपहर अंबेडकर नगर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। वह हाथ में मिट्टी के तेल का कैन और डाई भी पकड़े हुई थी। महिला ने पुलिस पर छेड़छाड़ के मामले में आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने की धमकी दी।
पुलिस पहुंची तो महिला ने खुद पर उड़ेल लिया मिट्टी का तेल
- फोटो : अमर उजाला
महिला को टंकी पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही उसे उतारने का प्रयास किया तो महिला ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर ली। इससे स्थानीय लोगों के हाथ पांव फूल गए। इस बीच सूचना पर फोर्स संग मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी बर्रा सतीश सिंह ने करीब एक घंटे के मान मनौव्वल के बाद महिला को नीचे उतारकर थाने ले गए।
जहां पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि 8 जून को इलाके का रहने वाले भोला यादव, निशांत, मयंक, दयाशंकर और उनके साथियों के खिलाफ बेटी संग छेड़छाड़, गाली गलौज, मारपीट और धमकी के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर आरोपी अब उसे मुकदमा वापस न लेने पर उसके बेटियों को अगवा करने की धमकी दे रहे हैं।
मामले में उसने चौकी इंचार्ज से लेकर एडीजी तक न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नही हुई। इससे तंग आकर उसने ये कदम उठाया। थाना प्रभारी ने बताया महिला जिस मुकदमे की बाद कह रही से उसमें चार्जशीट लग चुकी है। फिलहाल महिला के आरोपों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।