शुगर एकदम ठीक करने का झांसा देकर तीन युवकों ने बर्रा की अनीता को करीब दो लाख रुपये की चपत लगा दी।
तीनों युवकों ने अपनी बातों में फंसाकर महिला से गहने मंगाए और हाथ की सफाई से गहने की पोटली में मौरंग भरकर वापस कर दिया। ठगे जाने की जानकारी होने पर महिला ने बर्रा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बर्रा साउथ निवासी अनीता जूही के सरदार पटेल स्कूल में क्लर्क प्रमोद पटेल की पत्नी हैं। अनीता शुगर मरीज हैं। उन्होंने बताया कि वें शुक्रवार सुबह गाय बांधने के लिए घर से कुछ दूर अपने प्लाट पर जा रही थी।
रास्ते में करीब 30 साल का युवक मिला। उसने खुद से सत्संग में मुलाकात होने का हवाला देकर बातचीत शुरू की। बात-बात में उसने यह जान लिया कि मुझे शुगर है।
बातचीत में ही युवक ने कहा कि नजदीक के एक मंदिर में सिद्ध बाबा आए हैं। उनके पास हर मर्ज का इलाज है। वह साधु बाबा हैं और बीमारी दूर कर देंगे। युवक उन्हें करीब 200 मीटर दूर बरगद के पेड़ के पास बने मंदिर में ले गया।
वहां साधु के भेष में एक शख्स बैठे था, दूसरा युवक उनकी चाकरी कर रहा था। बकौल अनीता जब मैं पहुंची तो साधु बाबा ध्यान में बैठे थे। चाकरी कर रहे शख्स ने साधु का ध्यान तोड़ा।
बताया कि महिला बहुत परेशान है। साधु बाबा अचानक बोले शुगर की बीमारी से परेशान हो ना। उनके मुंह से शुगर का नाम सुन मैं चौंक पड़ी। इसके बाद उन्होंने परिवार के बारे में एक-दो चीजें बताकर विश्वास जीत लिया।
साधु ने कहा कि तुम्हारे जेवरों में खोट है, उसके शुद्धि करण से सारे कष्ट दूर हो जाएंगे। पर, शर्त है कि इसकी चर्चा किसी ओर से नहीं करोगी।
बकौल अनीता में साधु के झांसे में आ चुकी थी। जल्दी-जल्दी घर आई और गहने एक पोटली में लेकर पहुंची। बाबा ने मेरे सामने एक कागज के लिफाफे में जेवर डाला।
फिर मंत्र पढ़कर वापस दे दिया। मैं उसे लेकर घर आई और जब खोला तो होश फाख्ता हो गए। लिफाफे में जेवर नहीं बल्कि केवल मौरंग थी। मैं तुरंत मंदिर गई लेकिन वहां कोई नहीं था।
आसपास के लोग भी कुछ नहीं बता सके। मैंने पति को और पति ने बर्रा पुलिस को टप्पेबाजी की सूचना दी। थानाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने बताया कि हुलिया के आधार पर छानबीन कराई जा रही है।