फतेहपुर में घरेलू विवाद में महिला ने शनिवार रात केरोसिन डालकर आग लगा ली। बहू को बचाने में सास भी गंभीर रूप से झुलस गई। डाक्टर ने हालत नाजुक देखकर महिला को कानपुर रेफर किया। कानपुर ले जाते समय महिला की मौत हो गई।
ललौली थाना क्षेत्र के अजमतपुर गांव निवासी कमलेश सविता की पत्नी गोमती देवी (26) का परिजनों से किसी बात पर विवाद हुआ था। तभी उसने आग लगा ली। उसे बचाने के लिए सास केतकी देवी (50) पत्नी गोरेलाल दौड़ पड़ी। बहू को बचाने में वह खुद भी आग की चपेट में आने से झुलस गई।
आग बुझाकर दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। डाक्टर ने गोमती देवी की हालत नाजुक होने पर हैलट कानपुर रेफर किया। जहां देर रात तक इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गोमती देवी का मायका ललौली थाने का दरियाबाद गांव है।
वह कित्तू निषाद की बेटी थी। गोमती ने कमलेश के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद कई साल तक दूसरे प्रांत में रही। करीब दो साल पहले गांव आई थी। मायके पक्ष ने गोमती देवी से सारे संबंध तोड़ दिए थे। उसका एक छह साल का बेटा लव कुमार है।
जेठ बृजनाथ ने बताया कि किसी बात से नाराज होकर आग लगाई थी। एसओ केशव वर्मा ने बताया कि उनके पास किसी पक्ष से तहरीर नहीं आई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई कानपुर में होगी। रिपोर्ट आने के बाद जांच की जाएगी।