यूपी में महोबा जिले के थाना महोबकंठ के ग्राम दुलारा में चोरी के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश कुछ भी नहीं ले गए। सूचना पर पहुंची थाना महोबकंठ पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। मृतका के पति ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
ग्राम दुलारा निवासी अलादीन के तीन पुत्र रहीम, शहीद व कासिम व दो पुत्रियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। गांव में मजदूरी न मिलने पर तीनों पुत्र परिवार सहित दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं जबकि अलादीन व उसकी पत्नी मदीना (55) घर पर रहती थी।
बुधवार रात अलादीन रोजाना की तरह खेतों में लगे आम के पेड़ों की रखवाली करने गया था जबकि उसकी पत्नी आंगन में सो रही थी। तभी बदमाश चोरी के इरादे से मकान के पीछे से सीढ़ी लगाकर अंदर घुस आए। महिला के जागने और विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी धारदार हथियार से गले व सीने पर हमला कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश कमरे का ताला तोड़कर कुछ भी ले जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके और मौके से फरार हो गए।