उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गुरुवार को टोडरपुर स्टेशन से तीन किलोमीटर दूर मोहद्दीनपुर फाटक के पास गुरुवार शाम मासूम बच्ची को गोद लिए एक महिला राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। हादसे मेें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी।
शिनाख्त न हो मोहद्दीनपुर गांव की रेलवे क्रासिंग से कुछ दूरी पर रेल लाइन पोल संख्या 1196/22-20 के पास 23 वर्षीय महिला व उसकी गोद में रही लगभग 1.5 वर्षीय बच्ची डाउन ट्रैक से दोपहर लगभग 3.30 बजे जा रही ट्रेन संख्या 20506 राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। ट्रेन से कटकर महिला व बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। इधर टोडरपुर स्टेशन पहुंच कर राजधानी एक्सप्रेस के ड्राइवर ने स्टेशन मास्टर आनंद कुमार पाल को घटना की जानकारी दी और बताया कि महिला बच्ची को गोद में लेकर ट्रेन के सामने आ गई, जिससे दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। स्टेशन मास्टर ने घटना की जानकारी बेहटा गोकुल पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद एसआई सूरज पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
आसपास के लोगों से महिला व बच्ची शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में ले लिए। एसआई सूरज पाल ने बताया कि महिला ने लाल रंगी की पुरानी साड़ी पहन रखी है, उसने कोई गर्म कपड़े भी नहीं पहन रखे थे। इसी आधार पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला कहीं आसपास की ही रहने वाली है। बताया कि शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।