चकरनगर। ब्लाॅक के बंसरी गांव की गलियों में जलभराव और कीचड़ की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के तुरंत बाद ही पंचायत प्रशासन हरकत में आ गया। गुरुवार सुबह से ही गांव में सफाई कर्मियों की टीम पहुंच गई और साफ-सफाई शुरू कराई गई। सफाई कर्मियों ने गलियों में भरे गंदे पानी को निकालने के बाद कीचड़ भी हटवाया। सफाई से ग्रामीणों को राहत मिली है।
अमर उजाला ने 20 नवंबर गुरुवार को बंसरी गांव की जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए कीचड़ से पटा गांव का रास्ता, बच्चों का स्कूल पहुंचना दूभर शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसमें ग्रामीणों ने बताया था कि कीचड़ से सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों को स्कूल आने जाने में होती है। कई बार बच्चे फिसलकर चोटिल भी हो जाते हैं। इसके बाद पंचायत प्रशासन की ओर से तुरंत गांव में सफाई के निर्देश जारी हुए। कीचड़ हटाए जाने से गांव की गली का रास्ता आने-जाने के लिए सुगम हो गया है।
बच्चों के अभिभावकों ने भी राहत महसूस की। कहा कि वे पिछले काफी समय से इस समस्या से जूझ रहे थे। बीडीओ यदुवीर सिंह ने कहा कि गांव की गलियों की सफाई कराई गई है। जलभराव की समस्या के निराकरण के लिए जल्द ही सड़क और नालियों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।