Banda News: पत्नी की बेवफाई से आहत पति ने फंदा लगाकर जान दे दी। शादी के सिर्फ दो साल हुए थे। चचेरे भाई के मुताबिक बात करने वाले व्यक्ति ने धमकी भी दी थी।
अतर्रा के कृष्णानगर निवासी योगेंद्र कुमार श्रीवास (30) ने बुधवार को सुबह घर के आंगन में लगे जाल से साड़ी से फंदा लगा लिया। चचेरे भाई लवकुश ने बताया कि योगेंद्र की पत्नी फोन पर किसी से बातें किया करती थी। इससे दोनों के बीच झगड़ा होता था। इसी के चलते उसने आत्महत्या की है।
विज्ञापन
लवकुश के मुताबिक योगेंद्र के पिता राममिलन अपनी बहू वर्षा (योगेंद्र की पत्नी) को छोड़ने मंगलवार उसके मायके चंदला मध्य प्रदेश गए थे। वहां से लौटने पर बुधवार को सुबह उन्होंने योगेंद्र को फंदे से लटका देखा। आरोप है कि वर्षा फोन पर किसी से बात करती थी। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता था। झगड़े वाली बात वर्षा ने अपने परिचित से बताई तो उस व्यक्ति ने फोन पर योगेंद्र को धमकी भी दी थी।
योगेंद्र एलएनटी कंपनी में मजदूरी करता था। इन दिनों कंपनी का काम अतर्रा में चल रहा है। शादी के दो साल हो गए थे। संतान नहीं थी। रविवार को पति-पत्नी के बीच झगड़ा भी हुआ था। उसकी पत्नी ने डायल-112 पुलिस भी बुलाई थी। अतर्रा कोतवाली प्रभारी प्रमोद तिवारी ने बताया कि परिजनों ने उनसे कोई वजह नहीं बताई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।