बड़ोखर बुजुर्ग। गिरवां थाने से सिर्फ 50 कदम की दूरी पर बदमाशों ने देसी शराब की दुकान के सेल्समैन की आंखों में मिर्च झोंककर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। घटना सोमवार रात 10 बजे खुरहंड रोड पर हुई। सेल्समैन बीयर की दुकान के सेल्समैन के साथ घर जा रहा था। पुलिस फिलहाल घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
बांदा निवासी दुकान मालिक (अनुज्ञापी) अतुल कुमार गौतम ने गिरवां थाने में दी तहरीर में बताया कि उनकी खुरहंड रोड पर देसी शराब की दुकान है। सोमवार रात दुकान का सेल्समैन देहात कोतवाली के छेहरांव गांव निवासी जगमन सिंह व बगल में स्थित बीयर की दुकान के सेल्समैन गिरवां निवासी शनि दोनों लोग दुकान बंद करके गांव जा रहे थे। आरोप है कि थाने के पास पीछे से पैदल आए एक बदमाश ने जगमन की आंखों में मिर्च डाल दी।
इसके बाद बदमाश पन्नी में तीन दिन की शराब बिक्री का पैसा डेढ़ लाख रुपये लेकर शहर की ओर भाग गया। सेल्समैनों ने गुहार लगाई तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी चेक किए हैं। गिरवां थानाध्यक्ष राधा कृष्ण तिवारी ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।