एक औरत को महज इस लिए मौत के घाट उतार दिया गया क्योंकि उसने अपने पति का कहा नहीं माना। मानवता को शर्मसार कर देने वाला यह वाकया महोबा के पनवाड़ी इलाके में सामने आया है। ग्राम सरगपुरा में साहूकार के यहां बकाया पैसा लेने जाने से पत्नी ने इनकार किया तो गुस्साए पति ने पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मौके से भाग निकला।
चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ग्राम सरगपुरा निवासी जगत पाल ने गांव के ही एक साहूकार को उधार प्लाट बेचा था। वह हर माह जगतपाल को पैसा देता था। यह पैसा लेने उसकी पत्नी भागवत जाती थी। दो दिन पहले जगतपाल ने अपनी पत्नी को पैसा लेने जाने को कहा। लेकिन वह नहीं गई।
गुुरुवार की शाम जगत पाल मजदूरी करके घर लौटा और पत्नी से प्लाट के पैसे लेने जाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्साए जगत पाल ने खेत में पड़े पत्थर के टुकड़े को उठाकर पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पनवाड़ी पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।