दहेज में तीन लाख रुपये की मांग और गर्भपात कराने की बात न
मानने पर मायके से विदा कर ले जा रही पत्नी को ट्रक ड्राइवर ने रास्ते में
ही ट्रक से कुचल कर मार डाला।
ग्रामीणों के पहुंचने से पहले वह ट्रक लेकर
फरार हो गया। विवाहिता के पिता ने पति समेत पांच लोगों पर हत्या की रिपोर्ट
दर्ज कराई है।
घटना देवीपुर गांव के पास की है। शिवली क्षेत्र के
देवीपुर गांव में गुरुवार देरशाम चालक अनिल पुत्र रामनाथ माखनपुरवा थाना
रूरा ट्रक लेकर ससुराल पहुंचा। यहां से पत्नी पूनम को विदा कराकर घर के लिए
रवाना हुआ।
देर शाम देवीपुर गांव से 400 मीटर की दूरी पर ग्रामीणों ने
सड़क पर पूनम की क्षतविक्षत लाश देख परिजनों को सूचना दी।
घटनास्थल पर
पहुंचे पूनम के पिता ने बताया कि पूनम की शादी तीन साल पहले ट्रक चालक अनिल
से हुई थी। दहेज में तीन लाख रुपये के लिए पिता रामनाथ, ननद अनीता, रामा व
द्रोपा उसका उत्पीड़न करते थे।
अनिल पूनम का गर्भपात कराना चाहता था। पिता
के अनुसार घर से जाते ही दोनों का रास्ते में विवाद हुआ होगा। किसी बहाने
अनिल ने पूनम को ट्रक से नीचे उतारा और उसपर ट्रक चढ़ाकर निकल गया।
घटनास्थल से पुलिस को शराब की बोतलें भी मिली हैं। थाना प्रभारी शैलेंद्र
सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।