कानपुर। कल्याणपुर-बिठूर रोड चौड़ी होगी। केडीए के प्रस्ताव पर शासन ने मंजूरी दे दी है। केडीए जल्द ही यहां कार्य शुरू कराएगा। इस रोड के चौड़ी होने से बहुखंडीय आवासीय योजनाओं में रहने वालों और पर्यटन स्थल बिठूर के लिए आवागमन आसान होगा। मई से कार्य शुरू होने की संभावना है।
जीटी रोड कल्याणपुर से बिठूर जाने वाली सड़क सिंहपुर तिराहे तक सात मीटर चौड़ी है। सिंहपुर से बिठूर तक सड़क की चौड़ाई पांच मीटर है। इस मार्ग पर केडीए हाइट्स के नाम से मल्टीस्टोरी योजना, सिंहपुर से नवाबगंज जाने वाले मैनावती मार्ग पर केडीए ग्रींस मल्टीस्टोरी योजना के साथ ही निजी बिल्डिरों के एनआरआई सिटी सहित 10 से ज्यादा प्रोजेक्ट चल रहे हैं। भविष्य में यहां लाखों लोगों के बसने की संभावना है। ऐसे में सड़क चौड़ी करने जरूरत महसूस की जा रही थी।
मैनावती मार्ग चौड़ा करने का कार्य लगभग पूरा हो गया है। अब केडीए ने कल्याणपुर-बिठूर रोड चौड़ा करने की योजना बनाई। इसके लिए सड़क के आसपास जमीन उपलब्ध है। चूंकि यह रोड पीडब्लूडी की है, इसलिए केडीए ने दो महीने पहले इस कार्य के लिए शासन को पत्र लिखकर एनओसी मांगी। विशेष सचिव अरविंद सिंह ने पीडब्लूडी के प्रमुख अभियंता (विकास), संबंधित विभागाध्यक्ष के अलावा केडीए उपाध्यक्ष जयश्री भोज को पत्र लिखकर रोड चौड़ी और ड्रेनेज व्यवस्था करने के लिए सशर्त अनुमति दे दी है। जो दो शर्तें लगाई गई हैं उनमें पहली शर्त कार्य समाप्त होने के एक निश्चित पीरियड तक उसकी देखभाल करने और दूसरी शर्त में निर्माण के समय और कार्य समाप्त होने के बाद पीडब्लूडी के मुख्य अभियंता से निरीक्षण की रखी गई है। इंजीनियर यह देखेंगे कि कार्य मानक के अनुसार हो रहा है या नहीं। केडीए अफसरों ने बताया कि जल्द से जल्द टेंडर कराए जाएंगे। कोशिश की जाएगी कि मई में यह कार्य शुरू हो जाए। छह महीने में कार्य पूरा कराया जाएगा।