कानपुर देहात। सरकारी स्कूलों में छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। विद्यालयों को स्मार्ट बनाने के तहत चल रही कवायद, स्मार्ट क्लास रूम व पठन-पाठन के साथ ही अब व्हाइट व ग्रीन बोर्ड लगाए जाएंगे। वहीं, विद्यालयों के लिए जारी कंपोजिट ग्रांट के व्यय आदि की जानकारी भी दीवारों पर पेंट की जाएगी, ताकि सभी को इसके बारे में पता लग सके।
जिले में संचालित परिषदीय स्कूलों में पठन पाठन करने वाले एक लाख 25 हजार नौनिहालों की पढ़ाई ब्लैक बोर्ड पर नहीं होगी। प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट स्कूलों को निजी स्कूल की तर्ज पर बेहतर किया जा रहा है। सभी स्कूलों में व्हाइट व ग्रीन बोर्ड लगाए जा रहे हैं। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने बीएसए को ब्लैक बोर्ड की जगह व्हाइट या ग्रीन बोर्ड लगाने के लिए निर्देशित किया है।
बीईओ अकबरपुर मनोज कुमार ने बताया कि बीएसए से मिले निर्देश के बाद सभी स्कूलों में बोर्ड को बदलवाया जा रहा है। यह छात्रों के लिए ज्यादा उपयोगी व आंखों के लिए बेहतर हैं। इसके अलावा सभी विद्यालयों में आवश्यक दवाइयां व फर्स्ट एड की व्यवस्था की जा रही है। विद्यालय के एलईडी, ट्यूबलाइट, पंखे आदि को ठीक कराया जा रहा है। जिससे स्कूल आने वाले छात्रों को किसी तरह की असुविधा न हो। बताया कि कई स्कूलों में ग्रीन बोर्ड व व्हाइट बोर्ड लगने लगे हैं।