कानपुर देहात। नगर निकाय की मॉडल मार्केट बनवाने की तैयारी पर ग्रहण लग गया है। कार्यदायी संस्था चिह्नित स्थल पर निर्माण कार्य कराने पहुंची तो वहां सीसी सड़क व बाउंड्रीवॉल बनी मिली। ईओ ने मजिस्ट्रेट नामित कर निकाय भूमि कब्जा मुक्त कराने के लिए लिखा पढ़ी की है।
कानपुर इटावा हाईवे किनारे नगर निकाय की बेसकीमती जमीन है। नगर पंचायत बोर्ड ने बीते साल बाढ़ापुर में हाईवे किनारे स्थित इस जमीन पर मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना से 20 दुकानें (मॉडल मार्केट) बनाने की मंजूरी दी है। 1.20 करोड़ रुपये से निर्माण कार्य के लिए कार्यदायी संस्था सीएनडीएस तय की गई है। लेखपाल से चिन्हांकन के बाद 22 फरवरी को इधर कार्यदायी संस्था निर्माण कराने पहुंची तो वहां निर्माणाधीन एक स्कूल का पक्का रास्ता बना मिला। जबकि आंशिक जमीन पर बाउंड्रीवॉल बनी मिली। नगर निकाय की जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण किए जाने से मार्केट निर्माण की शुरुआत नहीं हो सकी है। जानकारों का कहना है कि मॉडल मार्केट बनने से निकाय की आय में वृद्धि की मशां थी लेकिन अतिक्रमण कर निर्माण से अब ग्रहण लग गया है। निकाय की जमीन हाईवे से सटी है और बाजारू कीमत करोड़ों में है।
.........................
वर्जन.............
निकाय की जमीन दो गाटा 1271 व 1272 में है। यह जमीन हाईवे के किनारे है। 21 फरवरी को निर्माणाधीन स्कूल प्रबंधन ने आरसीसी सड़क बनवा ली। जबकि दो अन्य लोगों ने निकाय की आंशिक जमीन पर बाउंड्रीवॉल बना कर अतिक्रमण कर लिया है। एसडीएम सदर को जमीन कब्जा मुक्त कराने के लिए लिखा गया है। एसडीएम सदर ने तहसीलदार को जांच सौंपी है। मजिस्ट्रेट नामित होने पर अतिक्रमण हटवाकर मॉडल मार्केट का काम शुरू कराया जाएगा। - आशीष कुमार, ईओ नगर पंचायत अकबरपुर।
....................
जमीन चिन्हांकन के समय जताया विरोध फिर रातों रात करा लिया निर्माण
ईओ आशीष कुमार ने बताया कि हाईवे किनारे की जमीन पर मॉडल मार्केट बनाने के लिए बजट जारी होने पर दो बार मौके पर जाकर नापजोख कराई। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध दर्ज कराया था। इधर निर्माणदायी संस्था के इंजीनियर काम शुरू कराने पहुंचे इससे पहले 21 फरवरी की रात में कब्जा कर आरसीसी सड़क व बाउंड्रीवॉल बना ली गई। हाईवे किनारे की यह बेसकीमती जमीन है। डीएम, एडीएम न्यायिक/ प्रभारी अधिकारी निकाय, एडीएम प्रशासन को भी अवगत कराया गया है।