राजपुर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों में वैज्ञानिक सोच व नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विज्ञान स्तरीय माॅडल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को करीम नगर डेरा के संविलियन विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय से कक्षा पांच से आठ तक के चयनित 35 विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में प्रतिभाग कर अपने अपने मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडल के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संसाधन, स्वच्छता, जल संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर अपनी वैज्ञानिक समझ को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। इसके बाद क्विज परीक्षा में विज्ञान, प्रौद्योगिकी नवाचार, सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों पर प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
परीक्षा आयोजक सहायक अध्यापक अंशुल गुप्ता ने बताया कि परीक्षा व प्रदर्शनी में प्रथम स्थान पर कक्षा आठ के किशन, द्वितीय जीतू व तृतीय स्थान पर कक्षा सात के विनय रहे। विजयी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं स्टेशनरी प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एआरपी प्रदीप निरंजन ने मेधावी बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान नवाचार और प्रगति की मजबूत नींव है जो विद्यार्थियों को सोचने, समझने और नई राह बनाने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में एआरपी सोमिल कटियार, अरुण कुमार, शिक्षा मित्र प्रमोद, ममता देवी, उर्मिला देवी, राजकुमारी, राकेश, मनोज सिंह मौजूद रहे।